चांडिल डकैती कांड का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

  • Oct 17, 2026
Khabar East:Chandil-robbery-case-solved-five-accused-arrested
सरायकेला,17 अक्टूबरः

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल बाजार के प्रतिष्ठित आभूषण व्यवसायी लक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक सुरेश चौधरी के आवास पर हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरायकेला-खरसावां और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र से की गई है। मामले में दो स्थानीय बदमाशों समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गौरतलब है कि नौ अक्टूबर 2026 की देर रात चांडिल बस स्टैंड स्थित सुरेश चौधरी के आवास पर डकैती की वारदात हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।

गिरफ्तार पांच आरोपियों की पहचान मोहिउद्दीन अंसारी, सिराजुद्दीन अंसारी, गुलजार अंसारी, सोबराती अंसारी और शेख जमील के रूप में हुई है।

 पुलिस के अनुसार, 25 और 26 सितंबर की दरमियानी रात हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में वैष्णवी ज्वेलरी दुकान में डकैती हुई थी। इसी मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान चांडिल में सुरेश चौधरी के आवास पर हुई डकैती में उनकी कथित संलिप्तता सामने आई। जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, चांडिल की वारदात में कुल आठ लोग शामिल थे। इनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जबकि दो स्थानीय बदमाशों की भी तलाश की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, दोनों स्थानीय आरोपी चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के रहने वाले हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: