कांग्रेस नेता जेबा खान पर गिरी गाज, पार्टी से किया गया निलंबित

  • Feb 09, 2026
Khabar East:Congress-leader-Zeba-Khan-has-been-suspended-from-the-party
जमशेदपुर,09 फरवरीः

मानगो नगर निगम चुनाव में एक नया मोड़ सामने आया है। मेयर पद के लिए चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस नेता जेब खान को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। पूर्वी सिंहभूम कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने इसकी जानकारी दी है। मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री कांग्रेस नेता बना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता चुनाव लड़ रही है। सुधा गुप्ता को पार्टी ने अपना समर्थन दिया है। वहीं, मानगो के रहने वाले कांग्रेस नेता फिरोज खान की पत्नी कांग्रेस नेता जेबा खान भी मेयर पद के लिए चुनाव लड़ रही है। एक ही पार्टी के दो अलग-अलग प्रत्याशी आमने सामने होने पर विवाद गहराता जा रहा था। कांग्रेस नेता फिरोज खान ने कहा था कि पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के कहने पर पार्टी सुधा गुप्ता का समर्थन कर रही है। जबकि उनकी पत्नी जेबा खान राहुल गांधी के साथ कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो अभियान में शामिल थी। जेबा राष्ट्रीय स्तर की नेता है।

  इधर, पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में रविवार देर शाम एक बैठक हुई। इस दौरान निकाय चुनाव पर चर्चा की गई, जिसमें पार्टी समर्थित प्रत्याशी को मदद करने के लिए रणनीति बनाई गई। बैठक में कांग्रेस के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जारी पत्र को सार्वजनिक करते हुए बताया गया कि पार्टी मे अनुशासन को नहीं मानने वाले पर कार्रवाई तय है। जिसके तहत कांग्रेस नेता जेबा खान को पार्टी से निलंबित किया गया है। बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह, जिला पर्यवेक्षक सह जिला प्रभारी बलजीत सिंह बेदी के अलावा पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दूबे, रामाश्रय प्रसाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता रियाजुद्दीन खान के अलावा कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने बताया कि मानगो नगर निगम चुनाव में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता मेयर पद के लिए प्रत्याशी है। पार्टी सुधा गुप्ता को समर्थन कर रही है।

 वहीं, कांग्रेस नेता जेबा खान को पार्टी के वरीय लीडर द्वारा चुनाव में सुधा गुप्ता का साथ देने के लिए कहा गया, लेकिन वे नहीं मानी। जिसके कारण उन्हें तत्काल पार्टी से निलंबित कर दिया गया। इस मामले में कांग्रेस झारखंड प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने पत्र जारी किया है, जिसमें जेबा खान पर अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों का कारण बताया है। गौरतलब है कि जेबा खान पिछले 10 साल से कांग्रेस पार्टी से जुड़ी हुई है। जेबा एआईसीसी की राष्ट्रीय प्रवक्ता, एआईएमसी की राष्ट्रीय समन्वयक तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस की सचिव है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: