फूलबागान की जूट मिल में लगी आग, जान बचाने बाहर भागे कर्मचारी

  • Nov 06, 2026
Khabar East:Fire-breaks-out-at-a-jute-mill-in-Phoolbagan-employees-flee-to-safety
कोलकाता,06 नवबरः

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक बार फिर आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। इस बार फूलबागान थाना क्षेत्र स्थित एक पुरानी जूट मिल में भीषण आग लग गई। कोलकाता जूट मैन्युफैक्चरिंग कंपनी लिमिटेड नाम की इस जूट मिल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मिल के अंदर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। आग की लपटों और धुएं के कारण आसपास के इलाके में भी दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बीती रात करीब ढाई बजे फूलबागान थाना क्षेत्र की इस जूट मिल में आग लगी। उस समय कारखाने में नाइट शिफ्ट में काम चल रहा था। अचानक कर्मचारियों ने जूट के थान तैयार करने वाले करघे में आग देखी। देखते ही देखते आग पास में रखे जूट के सामान तक फैल गई। कारखाने के अंदर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग के और विकराल रूप लेने की आशंका पैदा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारियों ने तत्काल अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू की। साथ ही कारखाने के अंदर मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

 आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दमकल की कुल 10 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं, हालांकि आग बुझाने के काम में दो इंजनों का इस्तेमाल किया गया। कारखाने के अंदर आग के स्रोत तक पहुंचना दमकलकर्मियों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण था। इसकी एक बड़ी वजह आसपास का घनी आबादी वाला इलाका और संकरी जगह थी। दमकलकर्मियों ने पाइपलाइन के जरिए पानी पहुंचाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। इसके अलावा बंद दरवाजे खोले गए और धुआं बाहर निकालने के लिए टिन की छत के कुछ हिस्सों को तोड़ा गया। दमकलकर्मियों की कोशिशों के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: