झारखंड के खूंटी जिले में बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में चार महिलाओं और तीन बच्चों समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कर्रा थाना क्षेत्र के कोशांबी कॉलोनी के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10:15 बजे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गया था। उसकी मदद के लिए आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ युवक झाड़ियों में फंसे स्कूटी सवार को निकालने की कोशिश कर रहे थे, जबकि महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर घटनाक्रम देख रहे थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे 18 चक्का ट्रेलर ने वहां मौजूद लोगों को रौंद दिया। अचानक हुए इस हादसे में किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
सड़क हादसे में सात लोगों की मौत के विरोध और मुआवजे की मांग को लेकर कर्रा रेलवे फाटक के पास लोगों ने सड़क जाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली। एसपी ने घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि कर्रा थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लोग मदद के लिए पहुंचे थे। घटनास्थल पर तीखा मोड़ और अंधेरा होने के कारण 18 चक्का वाहन के चालक को सड़क किनारे मौजूद लोग नजर नहीं आए और यह भीषण दुर्घटना हो गई।
एसपी के मुताबिक, हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हुई है। घायल बच्ची खतरे से बाहर है। दुर्घटना के बाद ट्रेलर का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।