ओडिशा के खाद्य आपूर्ति मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने सोमवार को आश्वासन दिया कि राज्य में रसोई गैस (एलपीजी) का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और लोगों से घबराने या जरूरत से ज्यादा गैस खरीदने से बचने की अपील की।
गैस उपलब्धता को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री ने कहा कि राज्य में प्रतिदिन लगभग 2,000 एलपीजी सिलेंडरों की मांग है, जबकि औसतन हमारे पास करीब 14,000 सिलेंडरों का भंडार सुरक्षित है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है और लोगों से पैनिक बाइंग न करने का अनुरोध किया जाता है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही होटलों और रेस्तरां को भी गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। मंत्री ने बताया कि पहले वाणिज्यिक गैस आवंटन 20 प्रतिशत था। केंद्र सरकार ने अतिरिक्त 20 प्रतिशत आवंटन को मंजूरी दी है, जिससे रेस्तरां और होटलों को गैस उपलब्ध कराने में आसानी होगी। इसे और 10 प्रतिशत बढ़ाने पर भी चर्चा चल रही है। इससे वाणिज्यिक गैस की उपलब्धता लगभग 50 प्रतिशत मांग को पूरा कर सकेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि आज से वाणिज्यिक संस्थानों को 40 प्रतिशत गैस आपूर्ति मिलेगी। अतिरिक्त 10 प्रतिशत आवंटन के लिए केंद्र सरकार की कुछ शर्तें हैं, जिन पर राज्य सरकार काम कर रही है। घरेलू गैस वितरण सामान्य रूप से जारी है और किसी भी शिकायत का तुरंत समाधान किया जा रहा है।