कंधमाल जिले की पद्मश्री सम्मानित आदिवासी गायिका एवं सामाजिक कार्यकर्ता पूर्णमासी जानी को अस्वस्थता की शिकायत के बाद कंधमाल जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें पहले खजुरीपाड़ा अस्पताल ले जाया गया था, जहां से बाद में जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर किया गया। हाथों और पैरों में सूजन तथा एनीमिया से पीड़ित जानी का वर्तमान में अस्पताल के मेडिसिन विभाग में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।
उल्लेखनीय है कि जानी पिछले छह दशकों से ओड़िया, कुई और संस्कृत भाषाओं में सामाजिक जागरूकता से जुड़े हजारों गीत गा चुकी हैं। उन्हें वर्ष 2021 में पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया था।
साल 1936 में जन्मी और कंधमाल जिले के चारिपड़ा गांव की निवासी जानी कभी स्कूल नहीं गईं और न ही पढ़ना-लिखना जानती हैं। इसके बावजूद वे कुई भाषा में सुंदर कविताएं सुनाती हैं।