विधानसभा में 2584 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश, शोक प्रस्ताव के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित

  • Sep 18, 2020
Khabar East:House-proceedings-adjourned-after-condolence-motion
रांची,18 सितंबरः

झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करते हुए शुक्रवार को शुरू हो गया। सदन की कार्यवाही के दौरान 2584 करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने पेश किया। इसके बाद सदन में शोक प्रस्ताव लाया गया। इस दौरान सभी दलों की ओर से देश सहित राज्य में पिछले कुछ महीनों में दिवंगत हुए राजनेताओं, अभिनेताओं, खिलाड़ी, हस्तियों, कोरोना वॉरियर्स को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सदन की कार्यवाही को सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले झारखंड में बिजली की लचर व्यवस्था, बिगड़ती विधि व्यवस्था को लेकर हजारीबाग विधायक मनीष जायसवाल ने विधानसभा में धरना दिया। उनका कहना है कि पूरे राज्य में बिजली की व्यवस्था आंख मिचौली जैसी बनी हुई है। वहीं राज्य में विधि व्यवस्था भी बिगड़ती हुई नजर आ रही है। आए दिन राज्य में हत्या, लूट, नक्सलवाद, उग्रवाद जैसी घटनाएं हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पिछले सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं को भी बंद करने का काम कर रही है। जिससे आम जनता को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मनीष जायसवाल के समर्थन में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, विधायक भानु प्रताप शाही ने भी समर्थन दिया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: