भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी व तीन बच्चों की मौत, चार घायल

  • Jun 12, 2026
Khabar East:Husband-wife-and-three-children-killed-in-horrific-road-accident-four-injured
सिमडेगा,12 जूनः

झारखंड के सिमडेगा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। मरने वालों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। हादसा जिले के अघरमा के पास हुआ, जहां एक स्कॉर्पियो गाड़ी बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के मुताबिक, एक परिवार स्कॉर्पियो में सवार होकर लोहरदगा से लसिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान अघरमा के पास गाड़ी बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव का काम शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। हालांकि, इस हादसे में एक दंपती और उनके तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक बच्चा, दो महिलाएं और एक पुरुष समेत चार अन्य घायल हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर घायलों की हालत पर लगातार नजर रख रहे हैं।

 इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के इमरजेंसी इंतजामों पर भी सवाल उठ रहे हैं। गांववालों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिससे घायलों को अस्पताल ले जाने में देरी हुई। लोगों ने इमरजेंसी सेवाओं को और मजबूत करने की मांग की है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

 एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि हादसे में पति-पत्नी और तीन बच्चों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई। चार अन्य घायल बताए गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: