जिले के चंदवा प्रखंड मुख्यालय निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता ब्रजमोहन राम ओडिशा का राज्यपाल मनोनीत होने के बाद बुधवार को अपने पूरे परिवार के साथ गृह प्रखंड में स्थित प्रसिद्ध मां उग्रतारा नगर भगवती मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि नवरात्र के महीने में माता रानी की कृपा से उन्हें नई जिम्मेदारी मिली है। माता का आभार जताने वह यहां आए हैं। दरअसल, बज्रमोहन राम चंदवा प्रखंड मुख्यालय स्थित कंचन नगरी मोहल्ला के रहने वाले हैं। वह एक बार लातेहार विधानसभा क्षेत्र से विधायक और तीन बार पलामू लोकसभा क्षेत्र से सांसद के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसी बीच राष्ट्रपति ने उन्हें ओडिशा राज्य का राज्यपाल मनोनीत कर दिया।
राज्यपाल के रूप में मनोनीत होने के बाद वह अपने गृह प्रखंड में स्थित प्रसिद्ध नगर भगवती मंदिर पहुंचकर पूरे परिवार के साथ पूजा अर्चना की और क्षेत्र की समृद्धि और खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। मौके पर उन्होंने कहा कि नवरात्र के महीने में केंद्र सरकार ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे माता की कृपा मानकर पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि ओडिशा राज्य में विकास की तमाम संभावनाएं हैं, परंतु कहीं ना कहीं यह राज्य अभी भी विकास के मामले में पिछड़ा हुआ है। ओडिशा के लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो सके इसके लिए पूरा प्रयास होगा।