गांडेय उपचुनाव के लिए कल्पना सोरेन ने भरा नामांकन पर्चा

  • Apr 29, 2024
Khabar East:Kalpana-Soren-filed-nomination-form-for-Gandey-by-election
गिरिडीह,29 अप्रैलः

झारखंड की गांडेय विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं। इसे लेकर तैयारी जोरशोर से चल रही है। आगामी 20 मई को लोकसभा चुनाव के साथ ही गांडेय विधानसभा सीट पर उपचुनाव होगा। इसके लिए सोमवार को इस सीट के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा की तरफ से कल्पना सोरेन ने नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के समय झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के साथ सूबे के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन मौजूद थे। उनके अलावा मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री बादल पत्रलेख, मंत्री बेबी देवी, मिथिलेश ठाकुर, सत्यानंद भोक्ता, बसंत सोरेन, राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक सुदिव्य कुमार, बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह आदि वहां मौजूद थे।

कल्पना सोरेन सोमवार की दोपहर गांडेय विधानसभा निर्वाची पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी के चैंबर पहुंची और यहां नामांकन पर्चा दाखिल किया।

 यहां बता दें कि राज्य के राजनीतिक उठा पटक के बीच दिसंबर 2023 में गांडेय के विधायक सरफराज अहमद ने इस्तीफा दे दिया था। सरफराज के इस्तीफा देने के बाद यह सीट खाली हो गई। बाद में झामुमो ने सरफराज अहमद को राज्यसभा का सांसद बना दिया। इस बीच लोकसभा चुनाव के साथ गांडेय विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा कर दी गई। चुनाव घोषणा के साथ ही यह तय हो गया था कि जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन इस सीट से झामुमो की प्रत्याशी होंगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: