पश्चिम बंगाल पुलिस में मामूली फेरबदल, तीन अधिकारियों के तबादले

  • Sep 15, 2026
Khabar East:Minor-reshuffle-in-West-Bengal-Police-three-officers-transferred
कोलकाता,15 सितंबरः

पश्चिम बंगाल सरकार ने पुलिस प्रशासन में मामूली फेरबदल करते हुए तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इनमें एक भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी और पश्चिम बंगाल पुलिस सेवा (डब्ल्यूबीपीएस) के दो अधिकारी शामिल हैं। सभी अधिकारियों की नई तैनाती तत्काल प्रभाव से जनहित में लागू की गई है। गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग के पुलिस सेवा प्रकोष्ठ की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, आईपीएस अधिकारी डॉ. बुशारा बानो का तबादला किया गया है। वह इससे पहले पश्चिम मेदिनीपुर के खड़गपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थीं। डॉ. बुशारा बानो को अब राज्य सशस्त्र पुलिस (एसएपी) की चौथी बटालियन का उप कमांडेंट नियुक्त किया गया है। इसी फेरबदल के तहत पश्चिम बंगाल पुलिस सेवा के अधिकारी पार्थ घोष को खड़गपुर, पश्चिम मेदिनीपुर का नया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। पार्थ घोष इससे पहले चंदननगर पुलिस आयुक्तालय में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात थे। अब वह डॉ. बुशारा बानो की जगह खड़गपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का पद संभालेंगे।

  पश्चिम बंगाल पुलिस सेवा के अधिकारी शुभेंदु मंडल की भी नई तैनाती की गई है। वह इससे पहले राज्य सशस्त्र पुलिस की चौथी बटालियन में उप कमांडेंट के पद पर कार्यरत थे। इसके साथ ही उन्हें दीघा स्थित जगन्नाथ मंदिर की देखरेख की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई थी। अब शुभेंदु मंडल को चंदननगर पुलिस आयुक्तालय में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वह पार्थ घोष का स्थान लेंगे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: