बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राजस्व और भूमि सुधार विभाग ने मार्च 2027 तक कुल 16,584 पदों पर नियुक्ति की योजना बनाई है। ये बहालियां राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी, अमीन और अन्य संबंधित कैडरों में की जाएंगी। विभाग में कुल 22,342 स्वीकृत पद हैं, जिनमें बड़ी संख्या अभी रिक्त है। सरकार का लक्ष्य तय समय सीमा के भीतर चरणबद्ध तरीके से इन पदों को भरना है। उपमुख्यमंत्री एवं राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने 2026-27 के बजट अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि संबंधित आयोगों और विभागों को प्रक्रिया तेज करने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं, ताकि नियुक्तियां समय पर पूरी हों।
यह भर्ती अभियान खासकर ग्रामीण क्षेत्रों और भूमि प्रबंधन से जुड़े कार्यों में रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। बड़ी संख्या में रिक्त पदों को भरने से प्रशासनिक कामकाज भी मजबूत होने की उम्मीद है।
आधिकारिक अधिसूचना जल्द जारी होने की संभावना है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे विभाग की आधिकारिक वेबसाइट और संबंधित आयोगों की साइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें।