भुवनेश्वर के नयापल्ली इलाके में कथित तौर पर बंदूक की नोक पर एक महिला से दुष्कर्म के मामले की जांच कर रही पुलिस ने एक खिलौना बंदूक, छह मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, ये सामान नयापल्ली थाना केस नंबर 801 की आगे की जांच के दौरान बरामद किए गए। यह मामला एक अक्टूबर को दर्ज किया गया था।
शुरुआत में मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत दर्ज किया गया था। बाद में इसमें बीएनएस की धारा 64(1), 332(b) और 351(3) भी जोड़ी गईं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संतोष उर्फ श्रीधर पंडा (24), जो गंजाम जिले का रहने वाला है, कथित घटना के बाद अपनी मां और कुछ सामान जगतसिंहपुर में एक दूर के रिश्तेदार के घर छोड़कर चला गया था।
पुलिस ने बताया कि पांच अक्टूबर को आरोपी की मां के साथ उसका रिश्तेदार नयापल्ली थाने पहुंचा और आरोपी के बैग में रखे बताए जा रहे सामान को पुलिस के हवाले कर दिया।
बरामद सामान में आसमानी रंग की आधी बाजू वाली टी-शर्ट, लाल रंग का तौलिया, छह मोबाइल फोन और चांदी-काले रंग की एक खिलौना बंदूक शामिल है।
पुलिस के अनुसार, खिलौना बंदूक की बरामदगी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि आरोपी ने कथित तौर पर घटना के दौरान महिला को ऐसी वस्तु दिखाकर धमकाया था, जिसे उसने असली बंदूक समझा था।
बताया गया है कि पंडा भुवनेश्वर के मंचेश्वर थाना क्षेत्र के चकेइसियानी इलाके में रह रहा था।
शिकायत के अनुसार, पंडा कथित तौर पर 30 सितंबर की रात नयापल्ली में एक महिला के किराए के मकान में घुसा और उसे बंदूक जैसी वस्तु से धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के समय महिला घर में अकेली थी और एक निजी कंपनी में इंजीनियर के रूप में काम करती है।
शिकायत मिलने के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित कीं। पुलिस के अनुसार, जांचकर्ताओं ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी डेटा का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाया।
बाद में पंडा के भुवनेश्वर के चंदका इलाके में होने का पता चला। पुलिस के अनुसार, तीन अक्टूबर को उसे गिरफ्तार करने के प्रयास के दौरान उसने एक पुलिसकर्मी पर पेचकस से हमला किया, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायरिंग की। इस दौरान पंडा के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि पंडा के खिलाफ इससे पहले भुवनेश्वर के खंडगिरी और तमांडो थाना में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, नयापल्ली मामले की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।