गणेश पूजा को लेकर गाइडलाइन जारी, डीजे व पटाखों पर रोक

  • Sep 08, 2026
Khabar East:No-DJs-Or-Crackers-Guidelines-Issued-For-Bhubaneswar-Ganesh-Puja
भुवनेश्वर,08 सितंबरः

राजधानी भुवनेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में गणेश पूजा-2026 के शांतिपूर्ण एवं सुचारु आयोजन को लेकर भुवनेश्वर-कटक कमिश्नरेट पुलिस (सीपी) ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सीपी द्वारा जारी नए नियमों के अनुसार डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पूजा और जुलूस के दौरान केवल पारंपरिक संगीत तथा धीमी आवाज वाले माइक्रोफोन के इस्तेमाल की अनुमति होगी। जुलूस के दौरान पटाखे चलाने पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। मेलोडी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन रात 10 बजे तक ही किया जा सकेगा। मूर्ति विसर्जन के लिए 16, 18 और 20 सितंबर 2026 की तीन तिथियां निर्धारित की गई हैं।

जुलूस के दौरान सुबह 9 बजे से 11 बजे और शाम 5:30 बजे से रात 8 बजे तक के व्यस्त यातायात समय से बचना होगा। साथ ही जुलूसों को राष्ट्रीय राजमार्गों से भी दूर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मूर्ति विसर्जन केवल निर्धारित अस्थायी तालाबों में ही किया जाएगा। इनमें बीएमसी के अंतर्गत दया नदी के किनारे लिंगीपुर, कुआखिया नदी पर पलासुनी, हंसपाल और बसुआघाई, जटनी में केआईएसटी नहर, चंदका स्थित नालंदा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के पास बनाया गया अस्थायी गड्ढा तथा बालिअंता थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुसभद्रा नदी पर बनाया गया अस्थायी तालाब शामिल हैं।

 जटनी थाना क्षेत्र में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए 26 सितंबर 2026 को अलग विसर्जन जुलूस आयोजित करने का प्रस्ताव दिया गया है।

अब तक गणेश पूजा आयोजित करने के लिए 340 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार इस वर्ष करीब 420 मेढ़ों/पूजा मंडपों में गणेश पूजा आयोजित होने की संभावना है। इनमें लगभग 380 भुवनेश्वर शहर की सीमा के भीतर और 40 जटनी थाना क्षेत्र में होंगे।

 सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और गणेश पूजा को किसी भी अप्रिय घटना से मुक्त रखने के लिए पूजा स्थलों, जुलूस के मार्गों और निर्धारित विसर्जन घाटों पर व्यापक पुलिस व्यवस्था की गई है।

 सुरक्षा व्यवस्था के तहत 4 अतिरिक्त डीसीपी, 10 एसीपी, 32 इंस्पेक्टर, 100 एसआई/एएसआई, 20 महिला कांस्टेबल, 30 प्लाटून पुलिस बल और एक ओड्राफ (ODRAF) टीम को तैनात किया गया है।

 कमिश्नरेट पुलिस ने पूजा आयोजकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें और शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से गणेश पूजा का आयोजन सुनिश्चित करें।

Author Image

Khabar East

  • Tags: