जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर हुए आतंकी हमले में एक ओड़िया पर्यटक की मौत हो गई। जिसमें कम से कम 20 ज्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका जताई गई है। मृतक ओडिया निवासी की पहचान बालेश्वर जिले के रेमुना इलाके के प्रशांत सतपथी के रूप में हुई है।
अनंतनाग पुलिस ने बालेश्वर में उनके रिश्तेदार को फोन कर मौत की पुष्टि की है। हालांकि, स्थानीय पुलिस को सतपथी की पत्नी और 11 वर्षीय बेटे के बारे में कोई जानकारी नहीं है, जो उसके साथ यात्रा पर गए थे। बताया जा रहा है कि प्रशांत बालेश्वर में सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ प्लास्टिक इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (CIPET) में कार्यरत थे। इस दुखद घटना ने परिवार और समुदाय को सदमे में डाल दिया है।
प्रशांत सतपथी का शव जम्मू में पुलिस के पास है। आतंकी हमले के बाद अनंतनाग पुलिस ने एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया और 24/7 हेल्प डेस्क की स्थापना की। अनंतनाग में पुलिस नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, ताकि सहायता या जानकारी की आवश्यकता वाले पर्यटकों की सहायता की जा सके, संपर्क विवरण: 9596777669, 01932225870, और व्हाट्सएप 9419051940 नंबर जारी किया गया है।
प्रशांत सतपथी के रिश्तेदार ने उनकी स्थिति जानने के लिए हेल्पलाइन से संपर्क किया, और स्थानीय पुलिस ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की है। इस बीच, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पर्यटकों पर इस 'कायरतापूर्ण हमले' की निंदा की है। उन्होंने कहा कि हमारे समाज में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। अपनी जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ओडिशा इस कठिन समय में पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ एकजुटता में खड़ा है।