नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आज कटक स्थित राज्य पुलिस मुख्यालय में सामूहिक नशामुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी के साथ राज्य के सभी 35 पुलिस जिलों के पुलिस थानों और जिला पुलिस कार्यालयों में भी एक साथ शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए गए। राज्य पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने स्वयं, अपने परिवार और समाज को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने का दृढ़ संकल्प लिया।
पुलिसकर्मियों ने नशीले पदार्थों के सेवन से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने मित्रों, परिवार के सदस्यों और आम लोगों को नशे के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूक करने की शपथ ली। साथ ही, उन्होंने ओडिशा को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
अधिकारियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि इस अभियान के माध्यम से पूरे राज्य में नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त ओडिशा के निर्माण के प्रति अपनी मजबूत प्रतिबद्धता व्यक्त की।
राज्य पुलिस मुख्यालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के पुलिस महानिदेशक विनयतोष मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (आधुनिकीकरण) सौमेंद्र प्रियदर्शी, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) प्रतीक महांती, आईजीपी (कार्मिक) प्रवीण कुमार, आईजीपी (सेंट्रल रेंज) सत्यजीत नायक, डीआईजीपी (प्रोविजनिंग) चरण सिंह मीणा, डीआईजीपी (कार्मिक) जुगल किशोर बनोठ समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस मुख्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभी ने सामूहिक रूप से नशे से दूर रहने की शपथ ली। इसी तरह सभी जिलों में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से नशे के खिलाफ इस अभियान से जुड़ने और नशे के दुरुपयोग के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने की अपील की।