जगतसिंहपुर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) कार्यालय के महिला शौचालय में छिपा हुआ कैमरा लगाए जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक जूनियर क्लर्क को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया है।
जगतसिंहपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिकेत वर्मा ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी की पहचान डीआरडीए के जूनियर क्लर्क संजय अड़ेखा के रूप में हुई है।
एसपी के अनुसार, एक महिला कर्मचारी द्वारा उसके एकतरफा प्रेम प्रस्ताव को ठुकराए जाने के बाद संजय अड़ेखा ने यह घिनौना कदम उठाया। उसने जनवरी में यूट्यूब पर एक वीडियो देखने के बाद ऑनलाइन एक स्पाई कैमरा मंगवाया और मार्च में उसे महिला शौचालय में स्थापित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हर सप्ताह कैमरे को निकालकर चार्ज करता था और फिर दोबारा शौचालय में लगा देता था। वह कथित तौर पर कैमरे में रिकॉर्ड हुई फुटेज को अपने मोबाइल फोन पर देखता था।
तिरतोल थाना पुलिस ने शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से स्पाई कैमरा, मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और सीसीटीवी हार्ड डिस्क जब्त की है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने आरोपी संजय अड़ेखा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एसपी अनिकेत वर्मा ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपने कृत्य पर पछतावा जताया, पुलिस और जिला परिषद अध्यक्ष से माफी मांगी तथा रिहाई की गुहार लगाई।
मामले में तिरतोल थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रिकॉर्ड की गई फुटेज कहीं साझा की गई थी या किसी अन्य स्थान पर सुरक्षित रखी गई थी।