झारखंड में आज से मौसम का मिजाज बदला-बदला सा लग रहा है। राज्य के कोल्हान प्रमंडल क्षेत्र में गुरुवार को वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं, 20 और 22 फरवरी को कई जिलों में वज्रपात, मेघगर्जन, तेज हवा के झोंके के साथ ओलावृष्टि की प्रबल संभवना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।मौसम केंद्र, रांची ने अपने ताजा मौसम पूर्वानुमान में 20 फरवरी को राज्य के दक्षिणी मध्य भागों में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में 20 और 21 फरवरी की सुबह 8।30 बजे तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उसमें सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, खूंटी, रांची, रामगढ़ और बोकारो जिला शामिल है।
मौसम केंद्र, रांची के अनुसार इस दौरान राज्य के दक्षिणी पूर्वी एवं निकटवर्ती जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके चलने की संभावना बन सकती है। जबकि राज्य के कुछ अन्य जगहों पर गर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश भी हो सकती है।