रांची में अब अनिवार्य होगा डिलीवरी ब्वॉयज का पुलिस वेरिफिकेशन

  • Sep 04, 2025
Khabar East:Police-verification-of-delivery-boys-will-now-be-mandatory-in-Ranchi
रांची,04 सितंबरः

राजधानी रांची को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने के लिए डीआईजी सह एसएसपी रांची चन्दन कुमार सिन्हा ने रांची में काम करने वाले सभी डिलीवरी ब्वॉय का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। रांची में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य करने के लिए पुलिस अब रांची में काम करने वाले डिलीवरी ब्वॉयज पर भी नजर रखने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए शहर में कार्यरत डिलीवरी ब्वॉय का पुलिस वेरिफिकेशन करना अनिवार्य किया जा रहा है। डीआईजी सह एसएसपी रांची द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार, कोई भी निजी डिलीवरी कंपनी बिना पुलिस वेरिफिकेशन कराए किसी डिलीवरी ब्वॉय को नौकरी पर नहीं रख सकेगी।

 दरअसल हाल के दिनों में कुछ ऐसे आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है, जिनमें डिलीवरी ब्वॉय की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस अब पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई में जुट गई है। रांची पुलिस के द्वारा यह स्पष्ट किया है कि रांची में कार्यरत सभी डिलीवरी कंपनियों को अपने कर्मचारियों का सत्यापन पुलिस से कराना होगा। इसके लिए थानों में उन्हें आवेदन देना होगा। पुलिस वेरिफिकेशन के बाद ही कोई भी कंपनी संबंधित व्यक्ति को काम पर रख सकती है।

डिलेवरी ब्वॉयज को लेकर डीआईजी सह एसएसपी रांची चन्दन कुमार सिन्हा जल्द ही निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।

 इस बैठक में कंपनियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएंगे कि वे नए डिलेवरी ब्वाय को काम पर रखने से पहले संबंधित थाना में उसका चरित्र प्रमाण पत्र और सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करें। पुराने कर्मचारियों का भी वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य होगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: