केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार हो गया है। गिरफ्तार शख्स का नाम राजेंद्र राय उर्फ सरदार बताया जाता है। हालांकि इसकी गिरफ्तारी पटना से हुई है या नालंदा से, इसकी स्पष्ट तौर पर कोई भी अधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहा है। वहीं, गया एसपी ने राजेंद्र राय उर्फ सरदार की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। विस्तृत जानकारी शीघ्र दिए जाने की बात भी कही है। बता दें कि बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को धमकी देने जैसी बातें कही गई थी और आपत्तिजनक शब्दों का भी उपयोग किया गया था। यह वीडियो जब गया पुलिस के हाथ लगा, तो इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई और पुलिस की छानबीन शुरू हो गई। इस क्रम में प्राथमिकी दर्ज करने के तीसरे दिन गया पुलिस को सफलता मिली है।
गया पुलिस की विशेष टीम ने इस मामले में आरोपित राजेंद्र राय उर्फ सरदार को गिरफ्तार कर लिया है। कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचा गया: गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच गया ले जाया गया, जहां एसएसपी सुशील कुमार, सिटी एसपी कोटा किरण कुमार और साइबर डीएसपी उससे पूछताछ कर रहे हैं।