बिहार इन दिनों भीषण हीटवेव की चपेट में है। दक्षिणी और मध्य बिहार के कई जिलों में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के अनेक हिस्सों में येलो और रेड अलर्ट जारी किया है। गर्मी के चलते अब 5वीं तक क्लास दोपहर 12.30 तक चलेगी। दोपहर 12.30 के बाद सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। रोहतास, औरंगाबाद, गया, कैमूर, बक्सर, नवादा और जहानाबाद जैसे जिलों में पारा 42-43 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है। पटना सहित अन्य इलाकों में भी तापमान 40 डिग्री के करीब है। रात का तापमान भी ऊंचा रहने से लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही। कई जगहों पर दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं। पटना सहित कई जिलों में छोटे बच्चों (कक्षा 5 तक) की क्लासेस दोपहर से पहले समाप्त करने के आदेश जारी किए गए हैं। सरकारी स्कूलों की सुबह की टाइमिंग पहले से ही लागू है। 21 से 25 अप्रैल तक पटना जिले में यह व्यवस्था लागू रहेगी। अंगनवाड़ी केंद्रों पर भी समय सारणी में बदलाव किया गया है।
गया में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी हुई है। इसे लेकर स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। गया के डीएम शशांक शुभंकर ने भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए पांचवी कक्षा तक के सभी कक्षाओं के लिए अपराहन के 12:30 बजे के बाद किसी भी तरह की शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगाई है। बिहार सरकार और बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (BSDMA) ने हीटवेव से निपटने के लिए समन्वय बैठकें की हैं। विभिन्न विभागों को राहत कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में हीटस्ट्रोक के मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा है।