नंदीग्राम उपचुनाव में 79 संवेदनशील बूथों पर सख्त पहरा

  • Oct 03, 2026
Khabar East:Strict-vigil-at-79-sensitive-booths-in-Nandigram-by-election
कोलकाता,03 अक्टूबरः

पश्चिम बंगाल के पूर्व मिदनापुर जिले के नंदीग्राम विधानसभा केंद्र में छह अक्टूबर को उपचुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर तैयारियां लगभग अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। निमछौड़ी के डीएम भवन में जिलाधिकारी निरंजन कुमार और एसपी अंशुमान साहा ने संवाददाता सम्मेलन कर उपचुनाव से जुड़ी सारी तैयारियों का पूरा ब्यौरा दिया। निरंजन कुमार ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि विधानसभा केंद्र के 323 बूथों पर 2 लाख 66 हजार 419 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सभी बूथों पर कुल मिलाकर केंद्रीय बल की 37 कंपनियों की तैनाती होगी। इसके अलावा राज्य पुलिस के करीब 600 से 700 कर्मचारियों को भी चुनाव कार्यों में तैनात किया जाएगा। बताया जाता है कि इलाके में मौजूद 79 संवेदनशील बूथों पर खासतौर पर निगरानी की जा रही है। इलाके में नाका चेकिंग, रूट मार्च और गश्त को बढ़ा दिया गया है। चुनाव के दौरान क्यूआरटी (QR टीम), सेक्टर फोर्स और अन्य विशेष बल भी सक्रिय रहेंगे।

 मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार अब तक आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित 102 मामले प्रशासन के पास दर्ज करवाए जा चुके हैं। जिलाधिकारी का कहना है कि इन सभी मामलों का निपटारा किया जा चुका है। बताया जाता है कि अब तक 97 लाख रुपए नगद जब्त किए जा चुके हैं। सिर्फ इतना ही नहीं विधानसभा केंद्र के अलग-अलग इलाकों से 5,893 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है।

 वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिछले दो महीनों के दौरान 300 से अधिक गैर-जमानती वारंट की तामील की गई हैं। बताया जाता है कि नंदीग्राम के अलावा जिले के अन्य इलाकों में भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: