तृणमूल कांग्रेस ने सोमवार को अपने दो विधायकों संदीपन साहा और रितब्रत बनर्जी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी से निकाल दिया है। इन विधायकों को पार्टी से निकालने का आदेश मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के राज्य सचिवालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह कहने के कुछ मिनट बाद आया कि दोनों ने राज्य विधानसभा में ‘फर्जी सिग्नेचर’ मामले के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी, जहां टीएमसी ने शोभनदेब चट्टोपाध्याय को विपक्ष के नेता के रूप में समर्थन दिया था। दोनों विधायक को भेजे गए एक मैसेज में कहा गया, “ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के ध्यान में यह बात आई है कि एआईटीसी द्वारा मनोनीत उम्मीदवार के तौर पर चुने जाने के बावजूद, आप पार्टी के अधिकृत नेतृत्वद्वारा बुलाई गई बैठक में बार-बार शामिल नहीं हुए हैं और खुद को पार्टी-विरोधी कामों में शामिल पाया है।”
पार्टी उपाध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में कहा गया, “यह भी देखा गया है कि आपने ऐसी गतिविधियों में भाग लिया है और ऐसे बयान दिए हैं जो एआईटीसी के हितों के लिए हानिकारक हैं। मामले पर उचित विचार-विमर्श के बाद, पत्र में कहा गया कि, “एआईटीसी के सक्षम प्राधिकारी ने आपको तत्काल प्रभाव से पार्टी की (प्राथमिक) सदस्यता से निष्कासित करने का निर्णय लिया है।