ओडिशा विधानसभा सचिवालय ने राज्यसभा की उस सीट के उपचुनाव के लिए औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी है, जो पूर्व सांसद देबाशीष सामंतराय के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। अधिसूचना के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी और आठ जून तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को की जाएगी, जबकि उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून निर्धारित की गई है। मतदान 18 जून को होगा और मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना भी की जाएगी।
विधानसभा सचिव सत्यव्रत राउत को इस उपचुनाव का रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है, जबकि संयुक्त सचिव विद्याधर माझी सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में कार्य करेंगे।
यह सीट उस समय रिक्त हुई जब पूर्व बीजद नेता देवाशीष सामंतराय ने 25 मई को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके एक दिन बाद, 26 मई को उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली।
राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि भाजपा इस उपचुनाव में सामंतराय को इसी सीट से उम्मीदवार बना सकती है। यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है और वे निर्वाचित हो जाते हैं, तो इस्तीफा देने के एक महीने के भीतर ही उनकी राज्यसभा में वापसी हो जाएगी।
ओडिशा की यह सीट उन 25 राज्यसभा सीटों में शामिल है, जिनके लिए 11 राज्यों में 18 जून को उपचुनाव कराए जाएंगे।