पुरी स्टेशन के पास तालचेर-पुरी मेमू ट्रेन पटरी से उतरी

  • Aug 14, 2026
Khabar East:Talcher-Puri-MEMU-train-derails-near-Puri-station-no-injuries-reported
पुरी,14 अगस्तः

ओडिशा के पुरी रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को तालचेर-पुरी मेमू पैसेंजर ट्रेन पटरी से उतर गई। यह घटना स्टेशन से करीब 500 मीटर दूर प्लेटफॉर्म नंबर-3 के पास हुई। जानकारी के अनुसार, ट्रेन धीमी गति से चल रही थी, इसी दौरान उसके कुछ हिस्से पटरी से उतर गए। ट्रेन की रफ्तार कम होने के कारण कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

 पटरी से उतरी ट्रेन को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। हादसे के कारण इलाके में ट्रेनों की आवाजाही पर मामूली असर पड़ा, हालांकि अन्य ट्रेनों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ।

इससे पहले मई में उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित योग नगरी रेलवे स्टेशन के पास उज्जैन एक्सप्रेस के साथ भी हादसा हुआ था। सोमवार रात करीब 9:30 बजे ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए थे।

यह घटना खंड गांव क्षेत्र में हुई थी। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के समय ट्रेन में कोई यात्री सवार नहीं था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि नियमित रखरखाव के दौरान ट्रेन में ब्रेक फेल होने की समस्या आई थी। हादसे के बाद ट्रेन की आवाजाही को लेकर कई सवाल उठे थे। आरोप लगाया गया था कि वरिष्ठ रेलवे अधिकारी करीब ढाई घंटे तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे, जिसके बाद जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) ने मौके की जिम्मेदारी संभालते हुए लोगों को वहां से हटाया था।

Author Image

Khabar East

  • Tags: