खड़ी लॉरी से टकराई टूरिस्ट बस, 23 श्रद्धालु घायल

  • Oct 05, 2026
Khabar East:Tourist-bus-collides-with-stationary-lorry-23-pilgrims-injured
बक्सर,05 अक्टूबरः

बिहार के गयाजी सें पिंडदान करके अयोध्या जा रहे केरल के तीर्थयात्रियों की बस हादसे का शिकार हो गई। हादसे में 23 यात्री घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। हादसा तड़के सुबह में वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु पर हुआ। टूरिस्ट बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के भीतर चीख-पुकार मच गई।हादसे में बस चालक समेत 23 यात्री घायल हो गए। चालक रमेश स्वामी को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य घायलों का इलाज बक्सर सदर अस्पताल में कराया गया। जानकारी के अनुसार केरल से करीब 27 यात्रियों का दल धार्मिक यात्रा पर निकला था। गया में पिंडदान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी अयोध्या के लिए रवाना हुए थे।रात लगभग 10 बजे बस गया से चली थी। सफर करते हुए करीब तीन बजे बस बक्सर के वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु के रास्ते उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ रही थी। इसी दौरान पुल के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से बस की सीधी भिड़ंत हो गई।प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह चालक को आई झपकी बताई जा रही है। रातभर सफर के दौरान अचानक चालक का नियंत्रण प्रभावित हुआ और बस सामने खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर के बाद बस में बैठे यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई यात्री अपनी सीटों से टकराकर घायल हो गए।

  औद्योगिक थाना अध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि हादसे के बाद सभी घायलों को बक्सर सदर अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल बस चालक रमेश स्वामी का इलाज जारी है। वहीं मामूली चोट वाले कुछ यात्रियों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। कुछ यात्री बक्सर स्टेशन पहुंचे और ट्रेन से अपनी आगे की यात्रा जारी रखी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: