ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही महिला की गोली मारकर की हत्या

  • Oct 30, 2026
Khabar East:Woman-shot-dead-while-returning-home-after-finishing-her-shift
पटना,30 अक्टूबरः

बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर देखने को मिला है। हवाई अड्डा थाना क्षेत्र में बेली रोड स्थित पिलर नंबर 17 के पास अपराधियों ने एक महिला को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान उर्मिला देवी के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, उर्मिला देवी हवाई अड्डा थाना क्षेत्र स्थित दीपा रानी क्लिनिक में मेड के रूप में काम करती थी। गुरुवार की शाम वह अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद क्लिनिक से निकली थी। इसी दौरान बेली रोड पर पिलर नंबर 17 के समीप अज्ञात अपराधियों ने उसे गोली मार दी। अचानक हुई इस वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।महिला को गोली मारे जाने की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की सहायता से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल, इस वारदात को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अभी तक हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

 घटना की जानकारी मिलने के बाद हवाई अड्डा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुलिस घटनास्थल से जुड़े मानवीय और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला को गोली क्यों मारी गई और इस घटना में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: