प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त के तहत शुक्रवार को ओडिशा के 35.39 लाख किसानों के बैंक खातों में कुल 707.86 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए जाएंगे। गुरुवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। यह राशि पीएम-किसान उत्सव दिवस के अवसर पर हस्तांतरित की जाएगी। योजना के तहत राज्य के 35,39,297 किसानों को कुल 707,85,94,000 रुपये दिए जाएंगे।
इस अवसर पर भुवनेश्वर स्थित ओडिशा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (ओयूएटी) के कृषि शिक्षा सदन में सुबह 9 बजे राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव उपस्थित रहेंगे।
वहीं, राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम गुजरात के बनासकांठा जिले में आयोजित होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और देशभर के पात्र किसानों के खातों में पीएम-किसान योजना की किस्त जारी करेंगे।