अयोध्या से राम मंदिर दर्शन कर लौट रहे तीर्थयात्रियों से भरी बस घोषपुकुर-फुलबाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस में सवार कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बस उत्तर प्रदेश के अयोध्या से राम मंदिर दर्शन के बाद असम की ओर लौट रही थी। घोषपुकुर इलाके में अचानक चालक के नियंत्रण खो देने से बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की आवाज और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। घटना की सूचना मिलने के बाद फांसीदेवा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर भीड़ की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने की प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस के नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।