वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने शनिवार को लोकसेवा भवन में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात की। इस दौरान ओडिशा में वेदांता के प्रस्तावित एक लाख करोड़ रुपये के एल्युमिनियम प्रोजेक्ट की प्रगति, रोजगार सृजन और सरकार-उद्योग सहयोग पर चर्चा हुई।
बैठक में कलाहांडी के लांजीगढ़ स्थित वेदांता की एल्युमिना रिफाइनरी के लिए स्थानीय बॉक्साइट उपलब्ध कराने को लेकर भी सरकार की प्रतिबद्धता जताई गई।
प्रस्तावित परियोजना में ढेंकानाल में 30 लाख टन प्रति वर्ष क्षमता का एल्युमिनियम स्मेल्टर और रायगढ़ा में 60 लाख टन प्रति वर्ष क्षमता की एल्युमिना रिफाइनरी शामिल है। परियोजना पूरी होने पर वेदांता की कुल एल्युमिनियम उत्पादन क्षमता बढ़कर 60 लाख टन प्रति वर्ष हो जाएगी।
अग्रवाल ने बैठक में झारसुगुड़ा में 10 लाख टन क्षमता वाले एल्युमिनियम स्मेल्टर के विस्तार का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने पश्चिमी ओडिशा में 1,000 बेड वाला अस्पताल स्थापित करने की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध है और निवेश को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
वेदांता के अनुसार, प्रस्तावित परियोजना से 2 लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार तथा लॉजिस्टिक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य क्षेत्रों में 20 लाख से अधिक आजीविका के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
झारसुगुड़ा में दुनिया के सबसे बड़े सिंगल-लोकेशन एल्युमिनियम स्मेल्टर और लांजीगढ़ में विश्वस्तरीय एल्युमिना रिफाइनरी जैसे प्रस्तावित निवेशों से ओडिशा को भारत का एल्युमिनियम हब बनाने की क्षमता है