ओडिशा आबकारी विभाग ने शनिवार को भुवनेश्वर में छापेमारी कर करीब 25 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर जब्त की है। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
आबकारी विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर राजधानी के हल्दीपड़िया इलाके में छापा मारा। यह क्षेत्र लक्ष्मीसागर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। कार्रवाई के दौरान एक कार की तलाशी लेने पर उसमें से 256 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यवादी परिड़ा के रूप में हुई है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आबकारी विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारी मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने के साथ-साथ इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर रहे हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि आरोपी किसी बड़े ड्रग तस्करी गिरोह का हिस्सा तो नहीं था, जो राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है।