ओडिशा सरकार ने आपराधिक मामले में गिरफ्तारी के बाद नवनियुक्त ओडिशा टैक्सेशन एंड अकाउंट्स सर्विस (OT&AS) अधिकारी भीमसेन प्रसाद टुडू को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने टुडू की बर्खास्तगी को मंजूरी दे दी है। टुडू 4 जून 2026 से शुरू हुए मधुसूदन दास रीजनल एकेडमी ऑफ फाइनेंशियल मैनेजमेंट (MDRAFM) में आयोजित इंडक्शन ट्रेनिंग से अनुपस्थित रहे और अंतिम परीक्षा में भी शामिल नहीं हुए।
उनकी अनुपस्थिति के दौरान ही बारंगा पुलिस ने उन्हें एक आपराधिक मामले में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 48 घंटे से अधिक समय तक पुलिस हिरासत में रहने के कारण सेवा नियमों के तहत उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई और उन्हें सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
राज्य सरकार ने उन्हें भविष्य में किसी भी सरकारी नौकरी के लिए भी अयोग्य घोषित कर दिया है।
गौरतलब है कि बारंगा पुलिस ने 13 जून को भीमसेन टुडू को बालासोर स्थित फकीर मोहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की तृतीय वर्ष की 28 वर्षीय एमबीबीएस छात्रा चंद्रिका हेंब्रम की आत्महत्या के लिए कथित रूप से उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
चंद्रिका हेंब्रम का शव 4 जून को कटक में बारंग थाना क्षेत्र के नेताजी सुभाष चंद्र बोस सेतु के पास काठजोड़ी नदी के रेतीले तट से बरामद हुआ था। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है।