ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल बंटवारे के विवाद पर आज महानदी जल विवाद ट्रिब्यूनल में महत्वपूर्ण सुनवाई होगी। सुनवाई के दौरान दोनों राज्यों द्वारा अपनी कानूनी और तकनीकी टीमों के बीच हुई बातचीत की प्रगति रिपोर्ट ट्रिब्यूनल के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, महानदी जल बंटवारे से जुड़े कई मुद्दों पर दोनों राज्यों के बीच सहमति बन चुकी है। आज की सुनवाई में ट्रिब्यूनल शेष विवादित मुद्दों पर विचार करेगा। इस दौरान केंद्रीय जल आयोग (CWC) के अधिकारियों के भी मौजूद रहने की संभावना है।
ओडिशा और छत्तीसगढ़ दोनों ही इस विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। ऐसे में आज की सुनवाई को महानदी जल विवाद के स्थायी और सर्वमान्य समाधान की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच कई वर्षों से लंबित इस जल बंटवारे के विवाद के निपटारे के लिए केंद्र सरकार ने महानदी जल विवाद ट्रिब्यूनल का गठन किया था।