पश्चिम बंगाल सरकार सभी विभागों पर जारी करेगी श्वेत पत्र

  • Jun 26, 2026
Khabar East:West-Bengal-government-will-issue-white-paper-on-all-departments
कोलकाता,26 जूनः

पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने और वित्तीय अनियमितताओं को सार्वजनिक करने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है। राज्य के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने घोषणा की है कि सरकार प्रत्येक विभाग और मंत्रालय पर श्वेत पत्र प्रकाशित करेगी। इसके साथ ही नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की लंबित रिपोर्टों को भी विधानसभा में पेश किया जाएगा ताकि प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

राज्य बजट पेश होने के बाद वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास योजनाएं लागू करना नहीं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता लाना भी है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं को श्वेत पत्र के माध्यम से सार्वजनिक किया जाएगा। वित्त मंत्री ने राज्य में कानून-व्यवस्था और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संदेशखाली में नया महिला थाना स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा हेमताबाद में एक डिग्री कॉलेज तथा कालियागंज में महिला कॉलेज की स्थापना की जाएगी।

 सरकार प्राकृतिक आपदाओं और बड़ी दुर्घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए 200 प्रशिक्षित कर्मियों का एक विशेष बल गठित करेगी। इस बल में 50 कर्मी सुंदरबन क्षेत्र, 50 पर्वतीय क्षेत्रों से होंगे, जबकि शेष 100 कर्मियों को राज्य के अन्य हिस्सों में तैनात किया जाएगा।

 वित्त मंत्री ने कहा कि आगामी दुर्गापूजा से पहले राज्य सरकार कई नई नीतियां लागू करने की तैयारी कर रही है। इनमें वैल्यू इंसेंटिव पॉलिसी, स्टार्टअप पॉलिसी, एआई मिशन पॉलिसी तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से नई क्लाउड किचन पॉलिसी शामिल हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: