ट्रक ने सवारी गाड़ी को मारी टक्कर, आठ की मौत

  • Jun 26, 2026
Khabar East:Truck-collides-with-passenger-car-eight-killed
रामगढ़,26 जूनः

रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग के पास कोयला लदे एक ट्रक ने एक सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के वक्त वाहन में आठ लोग सवार थे, जिनमें से सात की मौत अस्पताल ले जाते वक्त हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति को रांची के रिम्स (RIMS) में भर्ती करवाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इसकी पुष्टि मृतक के रिश्तेदार ने की है।इस हादसे में मारे गये लोग बैंड-ताशा पार्टी के सदस्य थे। सात में से अब तक परिवार के सदस्यों द्वारा तीन मृतकों के नाम बताए गए हैं, जिनमें हेमंत कुमार महतो, अनोत कुमार,पप्पू करमाली शामिल है। ये सभी रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारगमर्चा के रहने वाले हैं। ये हादसा बुध बाजार लारी-बरलौंग के समीप रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर हुआ।प्राप्त जानकारी के अनुसार बलसगरा के दो लोग और मारगमर्चा गांव के ताशा-बैंड पार्टी के सदस्य एक सवारी वाहन से मारगमर्चा आए थे। कार्यक्रम के लिए बैंड-ताशा पार्टी के अन्य सदस्यों को लेकर वापस बलसगारा लौट रहे थे।

 इसी दौरान रामगढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने के क्रम में सवारी वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। ये टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, रजरप्पा थाना पुलिस और अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक व्यक्ति की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे रांची रेफर कर दिया गया।वहीं ताश पार्टी से जुड़े पिंटू ने बताया कि दो लोग बलसगरा से सवारी गाड़ी में आए थे मारगमर्चा से 6 लोगों को लेकर वापस बलसगरा जा रहे थे। इसी दौरान यह घटना घटी है। जिसमें 6 लोग मारगमर्चा के बताए जा रहे हैं। जबकि दो लोग बलसगरा के बताए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक सभी की पहचान नहीं हो पाई है।

 रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ। अनिल कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में कुल आठ लोगों को अस्पताल लाया गया था। जिनमें से सात लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर थी, जिसे बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है। सभी शवों को पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: