कोलकाता के आरजी कर हॉस्पिटल में युवक की मौत के बाद हंगामा

  • Sep 07, 2024
Khabar East:Chaos-after-the-death-of-a-youth-in-Kolkatas-RG-Kar-Hospital
कोलकाता,07 सितंबरः

ट्रेनी-डॉक्टर के रेप-मर्डर के बाद चर्चा में आए कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक बार फिर हंगामा हो गया है। इस बार अस्पताल के डॉक्टरों पर युवक के इलाज में देरी का आरोप लगा है। दरअसल, हुगली जिले के कोन्नगर के 28  साल के युवक बिक्रम भट्टाचाजी को शुक्रवार की दोपहर ट्रक ने कुचल दिया था। इसके बाद उसकी आरजी कर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।

युवक की मौत के बाद हंगामा शुरू हो गया। मृतक बिक्रम की मां कबिता का आरोप है कि इमरजेंसी में कोई डॉक्टर नहीं था जिसके कारण इलाज में देरी हुई। इसके कारण कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। कबिता के मुताबिक बहुत समय बर्बाद हो गया। उस समय के अंदर उसकी सर्जरी पूरी हो जानी चाहिए थी लेकिन वहां कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं था। यहां तक कि इमरजेंसी में भी कोई डॉक्टर नहीं था।

बता दें कि बिक्रम को शुक्रवार की दोपहर करीब 12.40 बजे आरजी कर अस्पताल लाया गया था। हालांकि, आरजी कर के अधिकारियों ने परिवार के दावों का खंडन किया है। उन्होंने दावा किया कि बिक्रम को आरजी कर में लाए जाने के तुरंत बाद ट्रॉमा केयर ले जाया गया। उसके दो अंगों में गंभीर चोट थी। इसके अलावा उन्होंने पाया कि उसके सिर पर भी गंभीर चोट थी। उसे सीटी स्कैन के लिए ले जाया गया। जब सीटी स्कैन की योजना बनाई जा रही थी तो बिक्रम को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और उसकी मौत हो गई।

 वहीं, इस घटना पर अभिषेक बनर्जी ने कहा कि कोन्नगर के एक युवा लड़के ने आज सड़क दुर्घटना में अपनी जान गंवा दी। उसे तीन घंटे तक बिना किसी इलाज के रहना पड़ा और इस दौरान उसका खून बहता रहा। यह आरजी कर की घटना के जवाब में डॉक्टरों के विरोध-प्रदर्शन का नतीजा है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: