बिहार के भोजपुर में संदेश थाना परिसर के अंदर फायरिंग हुई है। देर रात गोली लगने से 25 साल के होमगार्ड जवान मोनल कुमार राय की मौत हो गई। मृत होमगार्ड जवान सहार थाना क्षेत्र के गुलजारपुर गांव निवासी प्रेम शंकर राय के पुत्र थे। एसबी अवधेश दीक्षित ने बताया कि गोली जवान के सीने में लगी थी। घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से जख्मी जवान को संदेश रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आरा रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में जवान की मृत्यु हो गई। आरा शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले जाए जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भोजपुर एसपी ने बताया कि, संदेश थाना परिसर में जो होमगार्ड का बैरक है, वहां पर मोनल कुमार राय नाम के होमगार्ड जवान को फायरिंग में उनके सीने में गोली लगी है। घटना के बाद उन्हें अस्पताल में लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई है। घटना की जांच की जा रही है। जहां घटना हुई उस बैरक की भी जांच हो रही है और जिस हथियार से गोली चली है, उसे जब्त कर लिया है। एफएसएल की टीम ने सबूत जुटाए है। पोस्टमार्टम, एफएसएल और हमारी रिपोर्ट के बाद ही कहा जा सकेगा कि क्या हुआ है?
बताया जा रहा है कि गोली थ्री नॉट थ्री सर्विस रायफल से चली है। गोली चलने के बाद संबंधित साथी जवान के फरार होने की बात सामने आई है। थाना परिसर के भीतर हुई इस फायरिंग की घटना से पुलिस महकमे और स्थानीय इलाके में हड़कंप मच गया।