आरजेडी को बाय-बाय कहने वाले बुलो मंडल ने गुरुवार को जेडीयू का दामन थाम लिया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ही बुलो मंडल को जेडीयू की सदस्यता दिलायी है। फिलहाल बुलो मंडल के जेडीयू में आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। सियासी गलियारे में इस बात की चर्चा है कि बुलो मंडल भागलपुर सीट से लड़ना चाहते थे लेकिन सीट शेयरिंग में भागलपुर सीट कांग्रेस को मिलने के बाद वो पार्टी से नाराज चल रहे थे। फिलहाल इस सीट पर जेडीयू ने अजय मंडल को उम्मीदवार बनाया है। जेडीयू में शामिल होने के बाद बुलो मंडल ने कहा कि लालू प्रसाद वाली आरजेडी अब नहीं रही। पार्टी के अंदर आंतरिक लोकतंत्र खत्म हो चुका है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार 18 सालों से मुख्यमंत्री हैं। मैं विपक्ष में था और कटाव विरोधी कार्य के लिए मैंने मुख्यमंत्री से अपील की, जिसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 500 करोड़ की योजना दे दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मेरी जरूरत आरजेडी को नहीं रही। जेडीयू में काम करने वाली टीम है। 17 सालों में बिहार आगे बढ़ा है।