पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान को लेकर जहां सड़कों पर बसों की किल्लत और सुरक्षा की कड़ाई है, वहीं कोलकाता मेट्रो ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। मेट्रो अधिकारियों ने घोषणा की है कि 29 अप्रैल (बुधवार) को मतदान के दिन मेट्रो सेवाएं पूरी तरह से सामान्य रहेंगी। किसी भी लाइन पर न तो ट्रेनों की संख्या कम की जाएगी और न ही समय में कोई बदलाव होगा। मेट्रो रेल प्राधिकरण के अनुसार, चुनाव के दिन यात्री ब्लू, ग्रीन और ऑरेंज लाइन पर अपने नियमित समय के अनुसार यात्रा कर सकेंगे। सुबह के ऑफिस यात्री हों या मतदान के लिए निकलने वाले लोग, सभी के लिए मेट्रो एक भरोसेमंद विकल्प बनी रहेगी।
मेट्रो अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि मतदान के दिन यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। शहर के व्यस्ततम परिवहन माध्यम के इस फैसले से उन लोगों ने राहत की सांस ली है जिन्हें चुनावी हलचल के बीच ऑफिस या अन्य जरूरी कामों के लिए घर से बाहर निकलना है।