राजधानी रांची में होटल और बार की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने शनिवार की देर रात बड़ा अभियान चलाया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर कोतवाली और लालपुर इलाके में पुलिस की विशेष टीमों ने आधा दर्जन से अधिक होटल और बार में छापेमारी की। इसी दौरान कचहरी चौक के पास स्थित एक होटल में कथित देह व्यापार का खुलासा हुआ। पुलिस ने होटल के कमरों से आधा दर्जन से अधिक युवतियों को पकड़ा, जबकि कई युवकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, होटल में कमरे बुक कर कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने अचानक होटल में दबिश दी। टीम ने रिसेप्शन से लेकर कमरों तक की जांच की और होटल में ठहरे लोगों का रिकॉर्ड खंगाला। कार्रवाई के दौरान पुलिस को कई अहम साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने मौके से बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान को जांच के दायरे में लिया है। इनकी जांच के जरिए पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवतियों को होटल तक कौन पहुंचाता था।
एएसपी कोतवाली निखिल राय के अनुसार, फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। होटल के दस्तावेज, कमरों की बुकिंग और मोबाइल से मिलने वाली जानकारी के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य होटल और बार की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना है। जांच पूरी होने के बाद ही कथित नेटवर्क में शामिल लोगों और उनकी भूमिका की पूरी तस्वीर साफ होगी।