170 किलो गांजा जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार

  • Aug 28, 2026
Khabar East:170-kg-of-cannabis-seized-four-smugglers-arrested
महासमुंद,28 अगस्तः

 जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 170.75 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को मिनी ट्रक में कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मिनी ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा महासमुंद की ओर से ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 पर बिरकोनी के पास महाराजा ढाबा के नजदीक घेराबंदी की। संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि गांजा ओडिशा के बौद्धगढ़ से लाया गया था, जिसे उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पहुंचाने की तैयारी थी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मिनी ट्रक के पीछे एक स्विफ्ट कार भी चल रही थी, जिसमें सवार तीन अन्य संदिग्ध आरोपी मिनी ट्रक को फॉलो कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें भी पकड़ लिया।  पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से 170.75 किलो गांजा, मिनी ट्रक, स्विफ्ट कार, मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 97 लाख 3 हजार 970 रुपये का सामान जब्त किया है।

 पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। सभी के खिलाफ थाना महासमुंद में एनडीपीएस एक्ट (नारकोटिक्स एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सटीक सूचना, निगरानी और समय रहते की गई कार्रवाई से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के इस नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: