छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड प्रोडक्ट फैक्टरी में जिला प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने फैक्टरी में अचानक छापा मारकर करीब 300 किलोग्राम संदिग्ध एनालॉग (नकली/कृत्रिम) पनीर जब्त कर सील कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, मिलावटी व नकली पनीर बनाए जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर जिला प्रशासन की टीम ने देर रात 12 बजे फैक्ट्री परिसर में दबिश दी। यह पूरी छापेमार कार्रवाई लगभग 3 घंटे तक चली, जिसके दौरान फैक्टरी में मौजूद स्टॉक, निर्माण प्रक्रिया और साफ-सफाई का गहन निरीक्षण किया गया।
वहीं कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से लगभग 300 किलो तैयार पनीर को सील कर अपनी कस्टडी में ले लिया। जब्त किए गए पनीर के नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।