छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए झारखंड गृह रक्षा वाहिनी ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत राज्य के चार जिलों और जमशेदपुर में कुल 900 गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति किए गए हैं। गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय की ओर से इस संबंध में संबंधित जिलों के अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है। जारी पत्र के अनुसार, छठ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गिरिडीह, हजारीबाग, चतरा और जमशेदपुर में अतिरिक्त गृह रक्षकों की तैनाती की गई है। इनकी प्रतिनियुक्ति की अवधि अलग-अलग निर्धारित की गई है। गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय की ओर से जारी प्रस्ताव के अनुसार, गिरिडीह जिले में 13 से 16 नवंबर तक 200 गृह रक्षकों की तैनाती रहेगी।
वहीं हजारीबाग में इसी अवधि के दौरान 150 गृह रक्षक प्रतिनियुक्त होंगे। चतरा जिले में 13 से 16 नवंबर तक 250 गृह रक्षकों को तैनात करने का प्रस्ताव है। जबकि जमशेदपुर में 14 से 16 नवंबर तक 300 गृह रक्षक सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है। अतिरिक्त गृह रक्षकों की तैनाती से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।