नीट पुनर्परीक्षा को लेकर पूरे प्रदेश में प्रशासन अलर्ट है। प्रशासन की ओर से विशेष सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। साथ ही विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में शुक्रवार की देर रात प्रशासनिक पदाधिकारियों ने कई होटलों, रेस्टोरेंट्स और लॉजों का औचक निरीक्षण किया। दरअसल, 2024 में हजारीबाग से ही प्रश्न पत्र लीक हुआ था। ऐसे में यहां सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। उपायुक्त हजारीबाग हेमंत सती और पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट की पुनर्परीक्षा के मद्देनजर जिले में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष जांच अभियान चलाया गया।सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रूपक कुमार सिंह, डीएसपी सीसीआर अरमानुल हक, कोर्रा थाना प्रभारी और सशस्त्र बल के जवानों द्वारा शुक्रवार रात्रि कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न होटलों में ठहरे हुए व्यक्तियों का सत्यापन एवं जांच की गई। जांच के दौरान होटल संचालकों एवं प्रबंधकों को आगंतुकों का समुचित पहचान पत्रों का सत्यापन सुनिश्चित करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने होटल संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग करने की अपील की। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नीट की परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध कार्य अथवा परीक्षा से संबंधित अनियमितता पर प्रशासन की कड़ी नजर है। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।