भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने वरिष्ठ नेता महामेघवाहन ऐरा खारवेल स्वाईं के खिलाफ जारी निलंबन आदेश को वापस ले लिया है। बीजेपी ओडिशा राज्य अनुशासन समिति के संयोजक सुदर्शन नायक ने रविवार को निलंबन वापस लेने की घोषणा की है।
बालेश्वर से पूर्व लोकसभा सांसद रहे स्वाईं को पहले पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के आरोप में निलंबित किया गया था। अब निलंबन आदेश वापस लिए जाने के बाद उनकी पार्टी में फिर से वापसी हो गई है।
गौरतलब है कि खारवेल स्वाईं 1998, 1999 और 2004 में ओडिशा के बालेश्वर लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी टिकट पर सांसद चुने गए थे। उन्होंने 2009 में बीजेपी छोड़कर अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बनाई थी। हालांकि, 2019 में वह दोबारा बीजेपी में शामिल हुए और कंधमाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
वरिष्ठ नेता स्वाईं ने 2024 लोकसभा चुनाव में बालेश्वर सीट से बीजेपी टिकट की मांग की थी। लेकिन पार्टी द्वारा टिकट नहीं दिए जाने के बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा। इसके बाद पार्टी ने उन्हें अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया था।