बागमती नदी में उफान, मुजफ्फरपुर की 14 पंचायतों का टूटा संपर्क

  • Jul 28, 2026
Khabar East:Bagmati-River-swells-14-panchayats-in-Muzaffarpur-cut-off
मुजफ्फरपुर,28 जुलाईः

नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बागमती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मुजफ्फरपुर जिले में इस बढ़ते जलस्तर ने एक बार फिर बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। खासतौर पर कटरा प्रखंड के उत्तरी हिस्से में स्थिति सबसे गंभीर है। करीब तीन फीट जलस्तर बढ़ने से कटरा प्रखंड की 14 पंचायतों का सड़क संपर्क प्रखंड मुख्यालय से टूट गया है। कटरा पीपा पुल के दोनों ओर सड़क पर दो फीट तक पानी का तेज बहाव हो रहा है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। बसघट्टा, लखनपुर, पहसौल, खंगुराडीह, नगवारा, चंगेल, कटाई, यजुआर पूर्वी, यजुआर पश्चिमी, बेलपकौना, बंधपुरा, बरीं और तेहबारा समेत कई पंचायतें इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं। प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को अब प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के लिए महज 2 से 10 किलोमीटर की दूरी की जगह करीब 50 किलोमीटर का लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। प्रशासन ने जलस्तर घटने के बाद मोटरसाइकिल आवागमन की व्यवस्था की थी, लेकिन रविवार शाम को नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से यह व्यवस्था भी मात्र एक दिन ही चल पाई।

 बकुची, पतारी, अंदामा, नवादा, गंगया, बरी, भवानीपुर और माधोपुर समेत कई गांवों में संभावित बाढ़ को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। बकुची निवासी धर्मेंद्र कमती ने बताया कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, इसलिए ग्रामीण रातभर जागकर नदी की निगरानी कर रहे हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: