ओडिशा के ऐतिहासिक बालीयात्रा महोत्सव को पूरे राज्य में लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से कटक जिला प्रशासन ने मंगलवार को एक प्रचार रथ रवाना किया। पहले चरण में यह रथ जिले के सभी 14 ब्लॉकों और पांच पड़ोसी जिलों के विभिन्न इलाकों का भ्रमण करेगा।
जिला कलेक्टर दत्तात्रेय भाऊसाहेब शिंदे ने सुबह 10 बजे बालीयात्रा मैदान में बैष्णव पाणि मंच के पास से सजे-धजे प्रचार रथ 'प्रज्ञापना रथ' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शुरुआत में यह रथ कटक जिले के सभी 14 ब्लॉकों के अलावा जाजपुर, जगतसिंहपुर, पुरी, केंद्रापड़ा और खुर्दा जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगा। इसके बाद अभियान का विस्तार पांच अन्य जिलों तक किया जाएगा, ताकि राज्यभर के लोगों को बालीयात्रा के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और समुद्री महत्व से परिचित कराया जा सके।
इस पहल का उद्देश्य ओडिशा की गौरवशाली समुद्री विरासत, विदेशों के साथ पारंपरिक व्यापारिक संबंधों और सांस्कृतिक धरोहर को उजागर करना है। साथ ही, वार्षिक बालीयात्रा महोत्सव में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना भी इसका लक्ष्य है।
एक सप्ताह तक चलने वाला बालीयात्रा महोत्सव 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक कटक में महानदी के रेतीले तट पर आयोजित होगा। इस दौरान राज्य की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजनों और व्यापारिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
महोत्सव को और आकर्षक बनाने तथा इसमें लोगों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कई पहल की गई हैं। प्रचार रथ के माध्यम से लोगों को बालीयात्रा के इतिहास, परंपराओं और प्रमुख आकर्षणों से परिचित कराया जाएगा।
प्रचार रथ रवाना करने के कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (राजस्व) डॉ. दिव्यलोचन महांत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (डेवलेपमेंट) डॉ. इप्सिता प्रियदर्शिनी मिश्रा, कटक सदर उप-जिलाधिकारी दिव्यज्योति स्मृतिरंजन देव, तहसीलदार देवदत्त प्रधान, डिप्टी कलेक्टर सोफी सैनिका, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी स्वागतिका बेहरा और जिला संस्कृति अधिकारी दिलीप कुमार जेना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।