नगरपालिका का अधिकारी 30 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

  • Nov 28, 2026
Khabar East:Biramitrapur-Municipality-Official-Apprehended-For-Taking-Rs-30K-Bribe
भुवनेश्वर,28 नवंबरः

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में शनिवार को सतर्कता विभाग (विजिलेंस) की टीम ने वीरमित्रपुर नगरपालिका के कार्यपालक अधिकारी के कार्यालय में तैनात एक इंफ्रास्ट्रक्चर विशेषज्ञ को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एक लाभार्थी से रिश्वत ले रहा था। आरोपी की पहचान बैबस्वत मनु राउत के रूप में हुई है।

 विजिलेंस के अनुसार, शिकायतकर्ता एक गरीब आदिवासी लाभार्थी है, जिसे प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत मकान निर्माण के लिए 2.5 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। इसमें से 1 लाख 30 हजार रुपये की राशि अभी जारी होनी बाकी थी। शिकायतकर्ता द्वारा बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद राउत कथित तौर पर शेष राशि जारी करने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ा रहा था।

इसके बजाय, उसने शेष राशि जारी कराने में मदद करने के लिए 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने इतनी रकम देने में असमर्थता जताई, लेकिन आरोपी अपनी मांग पर अड़ा रहा।

आरोप है कि लगातार परेशान किए जाने के बाद शिकायतकर्ता ने कोई दूसरा रास्ता न देख विजिलेंस में इसकी शिकायत दर्ज कराई।

 शिकायत के आधार पर विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए राउत को रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर जब्त कर ली गई है।

 इस संबंध में राउरकेला विजिलेंस थाने में 27 नवंबर 2026 को केस नंबर 14 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल राउत के खिलाफ मामले की जांच जारी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: