विधानसभा कैंटीन के शौचालय से शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

  • Nov 02, 2026
Khabar East:Body-discovered-in-Legislative-Assembly-canteen-restroom-police-have-launched-an-investigation
कोलकाता,02 नवंबरः

पश्चिम बंगाल विधानसभा कैंटीन के शौचालय से एक अस्थायी कर्मचारी का शव बरामद हुआ है। वह यहां लगभग 15 सालों से अस्थायी रूप से कार्यरत था। मृतक की पहचान उमेश चंद्र दास के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह 9:10 बजे कैंटीन विभाग के शौचालय के अंदर उमेश चंद्र दास को बेहोशी की हालत में पाया गया। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस पूरी घटना की जानकारी विधानसभा के अध्यक्ष रथिननाथ बसु को दे दी गई है। जानकारी के अनुसार उमेश चंद्र दास विधानसभा की कैंटीन में एक ठेकेदार एजेंसी के लिए काम करता था। वह तिलजला का रहने वाला था लेकिन विधानसभा के कैंटीन में ही रहा करता था।

 बताया जाता है कि रोज की सुबह उठकर वह आज भी बाथरुम में गया था लेकिन जब काफी देर तक बाहर नहीं निकला और न ही अंदर से कोई जवाब मिला तो एक अन्य कर्मचारी ने खिड़की से अंदर झांक कर देखा। बाथरूम की फर्श पर उमेश गिरा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया। विधानसभा के सचिव और मार्शल को इसकी सूचना दी गई।

उक्त व्यक्ति की मौत कैसे हुई, इस बारे में अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है। प्राथमिक रूप से जांच में मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस को अभी तक कोई भी अस्वाभाविकता अथवा षड्यंत्र की कोई जानकारी नहीं मिली है। बताया जाता है कि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: