सड़कों पर अचानक बरसने लगी गोलियां, छोटू यादव के पैर में लगी गोली

  • Apr 30, 2026
Khabar East:Bullets-suddenly-began-raining-down-on-the-streets-Chhotu-Yadav-was-shot-in-the-leg
सिवान,30 अप्रैलः

बिहार में पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ चुकी है। तभी तो 24 घंटे के अंदर प्रदेश में दो बड़े एनकाउंटर हुए हैं। पहले भागलपुर में रामधनी यादव पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। उसी तरह सिवान में भी घटना के महज 12 घंटे के अंदर एनकाउंटर में गोलियों की गूंज सुनाई पड़ी। दरअसल, सिवान पुलिस ने अपराधी छोटू यादव का एनकाउंटर किया है, जो हुसैनगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस और आरोपी के बीच हुए मुठभेड़ में छोटू यादव के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत रोडरेज से होती है। पुलिस के अनुसार भाजपा नेता मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह और उसके भांजे हर्ष सिंह एक कार से जा रहे थे। रास्ते में आंदर ढाला में कार को खड़ी कर कोई काम से गए। तभी पीछे से एक कार आयी और उसमें टक्कर हो गयी। जिसके बाद दोनों लोगों में कहा-सुनी हुई। देखते ही देखते छोटू यादव ने कार से पिस्टल निकाली और गोलीबारी कर दी। जिसमें तीन गोली हर्ष सिंह को मारी गई। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं बीजेपी नेता के बहनोई चंदन सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 इस घटना के बाद पुलिस ने एक एसडीपीओ की देख रेख में टीम गठित कर जाल बिछाया। रात भर पुलिस की टीम छापेमारी करती रही। सीसीटीवी से गाड़ी नम्बर की पहचान की गई। पुलिस ने धावा बोला तो तीन आरोपी फरार हो गए, जबकि छोटू यादव पुलिस के हत्थे चढ़ गया। छोटू यादव ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इसके बाद सिवान पुलिस उसको लेकर हत्या में इस्तेमाल हथियार को बरामद करने जा रही थी। रात तकरीबन तीन बजे का यह वक्त था।

 पुलिस के अनुसार, ''छोटू यादव छुड़ाकर भागने लगा और छुपाए हुए हथियार निकाल कर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसके जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। जिसमें आरोपी छोटू यादव घायल होकर गिर पड़ा। उसके पैर में दो गोलियां लगी हैं। उसको बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।'

 इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: